जमुई, सोनो थाना क्षेत्र के पंचपहाड़ी स्थित मंदिर के पास एक लड़की के साथ एकांत में बैठे युवक को तीन बदमाशों ने निशाना बना लिया। बदमाशों ने पहले दोनों से पूछताछ की, फिर सुनसान जगह का फायदा उठाकर युवक और युवती से मोबाइल, बाइक की चाबी, पर्स और चांदी का कड़ा लूट लिया। विरोध करने पर युवक के साथ मारपीट भी की गई। हालांकि, सोनो पुलिस ने घटना के महज छह घंटे के अंदर मामले का उद्भेदन करते हुए आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया है।

बदमाशों से बरामद लुटा गया सामान
पुलिस ने बताया कि घटना 22 अगस्त की दोपहर करीब 12 बजे पंचपहाड़ी में पहाड़ी के ऊपर बने मंदिर के पास हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी सुरेन्द्र यादव अपने साथी परवेज अंसारी के साथ मंदिर पहुंचा था। वहां एक युवक और लड़की मंदिर की सीढ़ियों के बगल में जंगल की तरफ एकांत में बैठे थे। दोनों के पास जाकर आरोपियों ने पूछताछ शुरू की। इसी दौरान बजरंगी कुमार भी वहां पहुंच गया।
पुलिस के मुताबिक, सुनसान जगह का फायदा उठाकर तीनों ने लूटपाट की नीयत से युवक का मोबाइल छीनने का प्रयास किया। युवक ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और जबरन युवक व युवती का मोबाइल, मोटरसाइकिल की चाबी, युवक का पर्स तथा उसके हाथ में पहना चांदी का कड़ा छीन लिया गया। इसके बाद तीनों आरोपी युवक की मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि रास्ते में आरोपियों ने पर्स में रखे रुपये आपस में बांट लिए, जबकि चांदी का कड़ा एक आरोपी ने अपने पास रख लिया। लूटी गई मोटरसाइकिल, दोनों मोबाइल और पर्स लेकर आरोपी अलग-अलग जगह छिपते रहे। उनकी योजना सामान लेकर जिले से बाहर निकलने और उसे बेचकर रुपये आपस में बांटने की थी।
पुलिस के अनुसार सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की और घटना के करीब छह घंटे के अंदर मामले का उद्भेदन कर दिया। कार्रवाई के दौरान लूटी गई मोटरसाइकिल, दोनों मोबाइल, पर्स, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पूछताछ में आरोपी ने सोनो थाना क्षेत्र में कई रोड क्राइम और झाझा थाना क्षेत्र में भी मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अन्य मामलों और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
कुमार नेहरू की रिपोर्ट



