जमुई जिले के खैरमा इलाके में सोमवार सुबह फरार अभियुक्त को पकड़ने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस घटना में दो सब-इंस्पेक्टर (SI) और एक सिपाही घायल हो गए। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, खैरमा निवासी देबू यादव उर्फ लाल मोहन यादव पर डकैती, लूट और मारपीट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए केस के आईओ एसआई सुनील कुमार साह पुलिस बल के साथ सुबह करीब 10 बजे खैरमा पुल स्थित चिमनी भट्ठा के पास पहुंचे थे।

अभियुक्त देबू यादव
बताया जाता है कि जैसे ही पुलिस ने देबू यादव को पकड़ा, उसके परिजन और सहयोगी लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर लेकर मौके पर पहुंच गए और पुलिस टीम पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में एसआई सुनील कुमार साह, बिक्रम कुमार और सिपाही रणबीर कुमार घायल हो गए।
घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।
कुमार नेहरू की रिपोर्ट



