गांव में फैला दहशत, पुलिस जांच में जुटी
जमुई– मलयपुर थाना क्षेत्र के फुलबड़िया गांव के राजपूत टोला में गुरुवार की रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। एक घर में खिड़की तोड़कर और दूसरे में दरवाजे का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों की चोरी की घटना को अंजाम दिया। इससे गांव में दहशत का माहौल है। चोरी की पहली घटना गांव निवासी संजय सिंह पिता स्व श्याम नारायण सिंह के घर में हुई। संजय सिंह ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ भोपाल में रहते हैं और हाल ही में गांव से लौटे थे। शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने फोन कर बताया कि उनके घर की खिड़की टूटी हुई है और घर में चोरी हो गई है।
जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा है। पीड़ित संजय सिंह ने बताया कि उनके घर के दो बक्से खेत में लगभग 500 मीटर दूर पड़े मिले। उन्होंने बताया कि चोरों ने सोने-चांदी के कीमती जेवरात जिसकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये है और 10,000 रुपये नकद चोरी कर लिए।

100 मीटर दूर दूसरे घर को भी बनाया निशाना
इसके बाद चोरों ने पास में ही लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित राम प्रवेश सिंह पिता चंद्रिका सिंह के घर में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित नीलम देवी ने बताया कि रात में वे भोजन के बाद अपने बच्चे के साथ पास के ही घर में सोने चली गई थीं। सुबह जब वापस लौटीं तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है। घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था और बक्से से सोने-चांदी के गहने और एक लाख रुपये नकद गायब थे।
पुलिस और मुखिया मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने मलयपुर थाना पुलिस और पंचायत मुखिया को सूचना दी। सूचना मिलने पर एसआई महेश सिंह, एएसआई प्रेमरंजन राय और पंचायत के मुखिया कपिलदेव प्रसाद मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से घटना की जानकारी ली।
गांव में दहशत का माहौल
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से फुलबड़िया गांव के लोग डरे और सहमे हुए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है ताकि चोरों को गिरफ्तार किया जा सके और क्षेत्र में शांति का माहौल वापस लौटे।
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष ?
मलयपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर विकास कुमार ने बताया कि घटना की सूचना उन्हें मिली है, लेकिन अब तक पीड़ितों की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। भागलपुर से डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया जा रहा है।
बरहट से शशिलाल की रिपोर्ट



