जमुई सदर थाना क्षेत्र के चंदवारा गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा, नकदी और हथियार बरामद किए हैं। यह छापेमारी पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल के नेतृत्व में की गई।सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि चंदवारा गांव के एक घर में गांजे का बड़ा जखीरा रखा गया है। इसके बाद तत्काल छापेमारी टीम का गठन कर कार्रवाई शुरू की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर घर को चारों तरफ से घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू किया।छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 4 क्विंटल गांजा, लगभग 50 लाख रुपये ज्यादा नकद, 2 पिस्टल और कई जिंदा कारतूस बरामद किए।
बरामद नोटों की गिनती के लिए मशीन मंगानी पड़ी। पुलिस ने मौके से घर के मालिक राजबली सिंह के पुत्र ऋषभ सिंह सहित गांजा सप्लाई करने आए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों में एक समस्तीपुर और दूसरा मुजफ्फरपुर का रहने वाला बताया जा रहा है।
छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सतीश सुमन, सदर थाना अध्यक्ष और जिला सूचना इकाई टीम शामिल थी।मौके पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस घर से आसपास के जिलों में गांजे की सप्लाई की जाती थी।
शशिलाल की रिपोर्ट



