जमुई जिले में अवैध हथियार निर्माण का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। झाझा थाना क्षेत्र के पहाड़पुरा गांव में शनिवार की सुबह पुलिस ने छापेमारी कर एक और गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। पुलिस टीम जब स्थानीय ऑटो चालक रुस्तम के घर पहुंची, तो एक कमरे से अर्धनिर्मित हथियारों के अलावा कई तरह की बड़ी मशीनें बरामद हुईं, जिनका इस्तेमाल हथियार बनाने में किया जाता था।
पुलिस के अनुसार, इस गुप्त फैक्ट्री में पिछले दो महीनों से हथियार तैयार किए जा रहे थे। बरामद सामानों की मात्रा और किस्म देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। छापेमारी के दौरान रुस्तम घर पर मौजूद नहीं था, जबकि उसकी पत्नी बानो ने बताया कि उसने यह कमरा किसी आशिफ नाम के युवक को किराए पर दिया था। कमरे से अक्सर रात में घिसने–कूटने की आवाजें आती थीं, लेकिन उसे इस अवैध गतिविधि की जानकारी नहीं थी। पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।



