जमुई, शुक्रदास स्मृति भवन में मंगलवार को जिला स्तरीय युवा महोत्सव का शुभारंभ जिलाधिकारी नवीन ने दीप प्रज्वलित कर किया। डीएम ने बताया कि 2 और 3 दिसंबर को आयोजित हो रहे इस दो दिवसीय महोत्सव में समूह लोक नृत्य, लोकगीत, कहानी लेखन, चित्रकारी, वकृत्व कला, कविता और विज्ञान मेला समेत कई विधाओं में युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। सफल प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा, जिससे वे अपनी कला को बड़े मंच पर प्रस्तुत कर सकेंगे।

जिलाधिकारी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल के दुष्प्रभावों से दूर रहकर ऐसी प्रतियोगिताओं में शामिल होना उनके भविष्य और व्यक्तित्व विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने जमुई की समृद्ध लोक संस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि प्रतिभाओं से परिपूर्ण है और इस महोत्सव के माध्यम से योग्य प्रतिभागी राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता रविकांत सिंहा, एसडीओ सौरव कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद, जिला योजना पदाधिकारी भानु प्रकाश, कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी विकेश कुमार सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।



