जमुई : नीतीश सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भले ही विपक्ष अक्सर सवाल उठाता हो, लेकिन चकाई की राजद विधायक सावित्री देवी ने रेफरल अस्पताल पहुंचकर न सिर्फ निरीक्षण किया, बल्कि खुद भी वहीं स्वास्थ्य जांच कराकर सरकारी व्यवस्था पर भरोसा जताया। गुरुवार की दोपहर निरीक्षण के क्रम में विधायक ने आंखों की जांच कराई, बीपी चेक कराया और अस्पताल से सरकारी चश्मा भी प्राप्त किया।
करीब एक घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, टीकाकरण कक्ष, ऑपरेशन थिएटर, दवा कक्ष, साफ-सफाई, चारदीवारी और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की स्थिति का जायजा लिया। कुछ खामियां जरूर मिलीं, जिन पर उन्होंने जल्द सुधार का आश्वासन दिया। रेफरल प्रभारी डॉ. एस.एस. दास ने अस्पताल की बाउंड्री वॉल दुरुस्त कराने का आग्रह किया, जिस पर विधायक ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
उन्होंने स्वास्थ्य उप केंद्रों के बंद रहने पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी केंद्रों को सक्रिय करने और वहां तैनात कर्मियों व चिकित्सकों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं सफाई कर्मियों और कुरियर कर्मियों ने लम्बे समय से बकाया मानदेय भुगतान की समस्या रखी। इस पर विधायक ने संबंधित संवेदक से दूरभाष पर बात कर शीघ्र भुगतान कराने को कहा।
निरीक्षण और इलाज दोनों के बाद विधायक ने कैमरे पर अस्पताल की व्यवस्था को संतोषजनक बताते हुए बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करने की बात कही। मौके पर राजद नेता विजय शंकर यादव, नकुल यादव, लक्ष्मण पंडित, सिकंदर यादव, उपेंद्र शर्मा, लालू कुमार ललन, राजेंद्र यादव, जनार्दन यादव समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
जमुई टुडे न्यूज डेस्क



