नीले रंग की अपाचे बाइक से पहुंचे तीन अपराधी, CCTV के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
जमुई जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पवना गांव में सोमवार दोपहर अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बड़ी लूट की घटना को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी। हथियारबंद तीन बदमाशों ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) में घुसकर करीब 1 लाख 20 हजार रुपये लूट लिए।
जानकारी के अनुसार, CSP संचालक श्याम सुंदर शाह अपने केंद्र पर मौजूद थे, तभी नीले रंग की अपाचे बाइक पर सवार तीन अपराधी वहां पहुंचे। बदमाशों के हाथ में पिस्तौल और चाकू था। केंद्र में घुसते ही उन्होंने संचालक को हथियार के बल पर कब्जे में लेकर बंधक बना लिया और काउंटर में रखी नकदी समेट ली।
लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ स्थानीय लोगों ने बदमाशों के भागने का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जबकि CSP केंद्र में लगे CCTV कैमरे में भी अपराधियों की तस्वीरें कैद हुई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही लक्ष्मीपुर और मोहनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.