जमुई रेलवे स्टेशन पर बुधवार को इंसानियत और तत्परता की एक अनोखी मिसाल देखने को मिली। प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर ट्रेन का इंतजार कर रही एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति गंभीर होती देख स्टेशन परिसर में मौजूद महिला यात्रियों, आरपीएफ और जीआरपी जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। कुछ ही देर में प्लेटफॉर्म पर ही सुरक्षित प्रसव कराया गया और नवजात बच्चे की किलकारी से पूरा स्टेशन गूंज उठा।

जानकारी के अनुसार लखीसराय जिले के मननपुर (भंडार) गांव निवासी विक्की कुमार अपनी पत्नी कोमल देवी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जमुई स्टेशन पहुंचे थे। इसी दौरान कोमल देवी को अचानक तेज लेबर पेन होने लगा। महिला की हालत बिगड़ती देख आसपास मौजूद यात्रियों में हलचल मच गई।
मौके पर मौजूद महिला यात्रियों ने बिना देर किए चादर से घेरा बनाकर प्रसूता की मदद शुरू कर दी। वहीं सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम भी पहुंच गई और आवश्यक व्यवस्था संभाली। कुछ ही देर में प्लेटफॉर्म पर ही महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम और एम्बुलेंस स्टेशन पहुंची। प्राथमिक जांच में मां और नवजात दोनों को स्वस्थ बताया गया। बाद में बेहतर इलाज और देखभाल के लिए जच्चा-बच्चा को मलयपुर उप-स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस तरह यात्रियों, रेल पुलिस और स्वास्थ्य कर्मियों ने मिलकर तत्परता दिखाई, उसने मानवता की मिसाल पेश कर दी। स्टेशन पर मौजूद लोगों ने नवजात के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए रेल प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।



