सोनो (जमुई)। कन्या मध्य विद्यालय, सोनो के जर्जर भवन को लेकर सोमवार को ग्रामीणों और अभिभावकों का आक्रोश खुलकर सामने आया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और विद्यालय के नए भवन का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सह प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी अमित कुमार को लिखित आवेदन भी सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में कुल छह कमरे हैं, जिनमें अधिकांश पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। वर्तमान में केवल दो कमरों में ही पठन-पाठन संभव हो पा रहा है। विद्यालय में करीब 350 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं और 10 शिक्षक कार्यरत हैं, लेकिन पर्याप्त कक्ष नहीं होने से पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है।

भवन की खस्ताहाल स्थिति को देखते हुए कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को करीब एक किलोमीटर दूर स्थित राज संपोषित विद्यालय, सोनो में स्थानांतरित किया गया है। इससे खासकर छात्राओं को प्रतिदिन आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नए भवन का निर्माण शुरू नहीं हुआ तो बच्चों की शिक्षा पर गंभीर असर पड़ेगा।
प्रदर्शन में पूजा वर्मा, लक्ष्मी देवी, मीरा देवी, सुशीला देवी, संध्या देवी, पूजा देवी, रीना देवी समेत दर्जनों महिलाओं ने हिस्सा लिया। सभी ने प्रशासन से अविलंब भवन निर्माण शुरू कराने की मांग करते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
इस संबंध में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति की रिपोर्ट पहले ही विभाग को भेजी जा चुकी है। ग्रामीणों का आवेदन भी संबंधित विभाग को अग्रसारित किया जाएगा ताकि आवश्यक कार्रवाई जल्द हो सके। उन्होंने कहा कि फिलहाल बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों की पढ़ाई राज संपोषित विद्यालय, सोनो में नियमित रूप से कराई जा रही है।
सोनो से योगेंद्र प्रसाद उर्फ कुंदन की रिपोर्ट




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.