जमुई। जिले के सोनो थाना क्षेत्र के सोनो बाजार में वैवाहिक विवाद से परेशान एक 23 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सोमवार देर शाम की है। सूचना मिलने पर सोनो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बंद कमरे का दरवाजा खुलवाकर युवक के शव को पंखे से नीचे उतारा। मंगलवार को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, जमुई भेज दिया गया।
मृतक की पहचान सोनो बाजार निवासी राहुल पासवान (23), पिता ब्रह्मदेव पासवान, के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार राहुल की शादी वर्ष 2024 में बटिया थाना क्षेत्र निवासी वीरेंद्र पासवान की पुत्री जानकी कुमारी से हुई थी। करीब एक वर्ष तक दोनों साथ रहे, लेकिन बाद में पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने पर पत्नी अपने मायके चली गई। इसके बाद राहुल कई बार पत्नी को वापस लाने का प्रयास करता रहा, लेकिन वह लौटने को तैयार नहीं हुई। परिजनों का कहना है कि पत्नी ने राहुल का फोन उठाना भी बंद कर दिया था, जिससे वह लगातार मानसिक तनाव में रहने लगा।
मृतक के बड़े भाई मिट्ठू ने बताया कि पिछले छह महीने से दंपती के बीच विवाद चल रहा था। सोमवार शाम जब वह काम से घर लौटे तो राहुल अपने कमरे में था। बच्चों को उसे बुलाने भेजा गया, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। खिड़की से झांकने पर राहुल पंखे से लटका मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा।

परिजनों का कहना है कि परिवार ने पत्नी को वापस लाने के लिए उसके मायके जाने की योजना बनाई थी, लेकिन उससे पहले ही राहुल ने यह कदम उठा लिया। उनका यह भी कहना है कि लंबे समय से मानसिक तनाव के कारण वह अवसादग्रस्त रहने लगा था और नशे की लत का भी शिकार हो गया था।
सोनो थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों के बयान के आधार पर सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.