जमुई : राज्य सरकार के सफल 100 दिन पूरे होने के अवसर पर शनिवार को जिला संवाद कक्ष में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, जिला पंचायत राज पदाधिकारी समेत सभी वरीय अधिकारियों ने राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण देखा और जनसेवा व सुशासन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि पिछले 100 दिनों में जिला प्रशासन ने जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और पारदर्शी प्रशासन को प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि जमुई को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए कुंड घाट के पास स्थायी हेलीपैड निर्माण, हेली टूरिज्म, जैन सर्किट और रामायण सर्किट से जोड़ने की दिशा में कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
इस अवसर पर “जमुई: सेवा, समर्पण और संकल्प के 100 दिन” स्मारिका का विमोचन भी किया गया, जिसमें जिले की प्रमुख विकास योजनाओं और उपलब्धियों का संकलन है।

समारोह में 27 अत्यंत निर्धन एवं भूमिहीन परिवारों को वास-भूमि का पर्चा प्रदान किया गया। साथ ही 5 लखपति दीदियों को सम्मानित किया गया तथा शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों व खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के प्रति जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.