सोनो (जमुई): सोनो थाना क्षेत्र के सोनो–चकाई एनएच-333 मुख्य मार्ग पर ओरैया के समीप शनिवार देर शाम सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। इनमें एक युवक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल, जमुई रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, एक हाईवा वाहन खराब होने के कारण शनिवार सुबह से ही सड़क किनारे खड़ा था। देर शाम उसी मार्ग से गुजर रही एक बाइक अनियंत्रित होकर पीछे से हाईवा में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान बटिया थाना क्षेत्र के दहियारी गांव के तेलियादह टोला निवासी अजय यादव (पिता- सरजू यादव) तथा विकास कुमार के रूप में हुई है। हादसे में अजय यादव को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि विकास कुमार को भी चोट लगी है।
घटना की सूचना मिलते ही सोनो थाना के एसआई राजेश्वर साह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सोनो पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद अजय यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, जमुई रेफर कर दिया गया।
इधर, स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खराब हाईवा 12 घंटे से अधिक समय से सड़क किनारे खड़ा था, लेकिन उसे हटाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते वाहन हटाया जाता तो यह दुर्घटना टाली जा सकती थी। उन्होंने प्रशासन से सड़क पर लंबे समय तक खराब वाहनों को खड़ा रहने से रोकने और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है।
सोनो से योगेंद्र प्रसाद उर्फ कुंदन की रिपोर्ट




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.