जमुई। जमुई साइबर थाना पुलिस ने साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल हो रहे सिम कार्ड जारी करने वाले एक पीओएस एजेंट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
जमुई के पुलिस अधीक्षक के निर्देश और मार्गदर्शन में साइबर थाना पुलिस द्वारा विकसित खुफिया सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि चकाई थाना क्षेत्र के सरौन गांव स्थित शुभ सीएससी सेंटर के माध्यम से जारी किए गए सिम कार्डों का इस्तेमाल साइबर ठगी की घटनाओं में किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर जमुई साइबर थाना की टीम ने संबंधित सीएससी केंद्र पर छापेमारी की। जांच के दौरान पता चला कि उक्त पीओएस आईडी का उपयोग सरौन गांव निवासी राजकपूर यादव और अरविंद कुमार द्वारा किया जा रहा था। पुलिस ने दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पिछले चार महीनों के दौरान उक्त पीओएस आईडी से करीब 100 मोबाइल सिम कार्ड जारी किए गए थे। इनमें से 80 मोबाइल नंबरों के खिलाफ एनसीआरपी पर शिकायतें दर्ज पाई गईं। इन 80 मोबाइल नंबरों से जुड़े करीब 125 साइबर ठगी के मामले सामने आए हैं, जिनमें लगभग 13 लाख रुपये की ठगी किए जाने की बात सामने आई है।
इस मामले में जमुई साइबर थाना कांड संख्या 41/26, दिनांक 21 अगस्त 2026 को दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के लिए माननीय न्यायालय भेज दिया गया है।
छापेमारी दल में शामिल पुलिसकर्मी: डीएसपी साइबर अभिषेक कुमार, साइबर थाना जमुई के इंस्पेक्टर अभय कांत चंदा, एसआई प्रेम प्रभात, कांस्टेबल रवि भूषण, विवेक कुमार, मो. खुशरुद्दीन और अंजलि कुमारी शामिल थे।
कुमार नेहरू की रिपोर्ट



