जमुई। सावन की सोमवारी पर महादेव सिमरिया स्थित प्रसिद्ध धनेश्वर नाथ मंदिर में एक युवक द्वारा बाइक लेकर मंदिर परिसर में घुसकर दानपेटी को क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
वायरल वीडियो में एक युवक बाइक लेकर मंदिर परिसर के अंदर प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। वह कुछ देर तक बाइक पर बैठकर तेज आवाज में एक्सीलेटर देता है। उसी दौरान दानपेटी के पास श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर रहे थे। इसके बाद युवक बाइक आगे बढ़ाते हुए दानपेटी से टकरा जाता है और उसे क्षतिग्रस्त कर देता है। घटना के समय मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद थी।

हैरानी की बात यह है कि सावन की सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन की ओर से मंदिर परिसर में मजिस्ट्रेट और बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इसके बावजूद युवक बाइक सहित मंदिर परिसर में प्रवेश कर गया और तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दे दिया। घटना के दौरान मौजूद सुरक्षा कर्मियों द्वारा उसे रोकने का प्रयास नहीं किए जाने का भी आरोप लग रहा है।

मंदिर समिति के सचिव पी.सी. पाठक ने बताया कि घटना दोपहर करीब 3:30 से 4:00 बजे के बीच की है। उस समय समिति के सदस्य मौके पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने बताया कि युवक की पहचान महादेव सिमरिया निवासी पूर्व पंचायत समिति सदस्य मनोज सिंह के पुत्र सुधांशु सिंह के रूप में हुई है, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की सूचना अनुमंडल पदाधिकारी को दी जाएगी और उनके निर्देश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और श्रद्धालु मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
कुमार नेहरू की रिपोर्ट
देखे वायरल वीडियो ….




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.