जमुई। जमुई स्टेशन पहुंचने से कुछ ही पहले एक मां की जिंदगी भर की खुशियां पल भर में उजड़ गईं। चलती ट्रेन से गिरकर उसके दोनों बच्चों की मौत हो गई। हादसे के बाद रेलवे ट्रैक के किनारे भाई और बहन के शव पड़े थे और मां बेसुध हालत में थी। यह दर्दनाक घटना सोमवार को जमुई स्टेशन से पहले देवाचक इलाके के पास हुई।
मृतकों की पहचान गणेश रविदास के पुत्र विशाल कुमार (9 वर्ष) और पुत्री करिश्मा कुमारी (16 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों देवाचक इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
बताया गया कि सीमा देवी अपने दोनों बच्चों के साथ पटना से जमुई लौट रही थीं। परिवार मजदूरी के सिलसिले में पटना गया था। ट्रेन जमुई स्टेशन की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान देवाचक के पास मां और दोनों बच्चे ट्रेन के गेट के समीप खड़े थे। तभी तेज रफ्तार ट्रेन से विशाल और करिश्मा नीचे गिर गए।
हादसा इतना भयावह था कि दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर जब स्थानीय लोग और परिजन घटनास्थल पहुंचे तो रेलवे ट्रैक के किनारे दोनों के शव पड़े मिले। भाई-बहन के शव एक-दूसरे से करीब 15 फीट की दूरी पर थे।

एक साथ दोनों बच्चों को खोकर बेसुध हुई मां
अपने बेटे और बेटी की मौत की खबर मिलते ही मां सीमा देवी की हालत बिगड़ गई। वह बेसुध होकर घटनास्थल पर पड़ी रहीं और कुछ भी बोल पाने की स्थिति में नहीं थीं। परिजनों की आंखों के सामने दोनों बच्चों के शव पड़े थे और परिवार में कोहराम मचा हुआ था।
मृत बच्चों की मामी ने बताया कि सीमा देवी दोनों बच्चों के साथ मजदूरी करने के लिए पटना गई थीं। सोमवार को वापस जमुई लौटने के दौरान यह हादसा हो गया। देवाचक सीमा देवी का मायका बताया गया है।
परिवार मूल रूप से खैरा थाना क्षेत्र के डुमरकोला गांव का रहने वाला है। मृत बच्चों के पिता गणेश रविदास बेंगलुरु में मजदूरी करते हैं। बताया गया कि ससुराल में बेटा नहीं होने के कारण गणेश रविदास अपने ससुराल में ही रह रहे थे। उनके दो ही बच्चे थे—एक बेटा और एक बेटी। सोमवार के इस हादसे ने दोनों को छीन लिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही मलयपुर थाना पुलिस और रेल पुलिस को जानकारी दी गई। एसआई स्वाति कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जमुई भेज दिया।
मलयपुर थानाध्यक्ष शेखर सुमन ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। दोनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.