अवैध संबंध के शक में हंसुआ से गला रेतने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार
जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र के कोल्हुआ महादलित टोला में बुधवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की हंसुआ से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति घर में ही दरवाजे के पास बैठा रहा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मृतका की पहचान 45 वर्षीय उगनी देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। ग्रामीणों के अनुसार दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। बुधवार सुबह जब घटना की जानकारी लोगों को मिली तो गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

सूचना पर खैरा थाना अध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं हत्या में इस्तेमाल किया गया हंसुआ भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी पति गगन मांझी ने पत्नी पर अवैध संबंध होने का शक जताया है। आरोपी का कहना है कि उसने पत्नी को आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद घटना को अंजाम दिया। उसने बताया कि तड़के करीब तीन बजे उसने हंसुआ से पत्नी का गला रेत दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर जमुई एसडीपीओ सतीश सुमन पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं। घटनास्थल पर एफएसएसएल की टीम भी बुलाई गई है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद और आपसी तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।



