मोहनपुर थाना क्षेत्र के कला गांव में सनसनी, तीन महिलाएं हिरासत में; शव निकालने के लिए मृतक के माता-पिता का इंतजार
जमुई जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के कला गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक की हत्या कर उसके शव को घर के पीछे गड्ढा खोदकर दफना देने का मामला प्रकाश में आया है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान जितेंद्र पंडित (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मधुपुर का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि ससुर की मौत के बाद वह अपनी पत्नी छोटी कुमारी के साथ ससुराल कला गांव में रहकर मजदूरी करता था। लंबे समय से ससुराल पक्ष के साथ उसका विवाद चल रहा था और घर में अक्सर झगड़ा होता रहता था।
ग्रामीणों के अनुसार पारिवारिक कलह धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि विवाद खूनी रूप ले बैठा। आरोप है कि मृतक के साले ने ही बहनोई जितेंद्र की हत्या कर दी। हत्या के बाद परिवार के कुछ सदस्यों ने मिलकर शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची और घर के पीछे गड्ढा खोदकर दफना दिया। घटना के बाद आरोपी साला फरार बताया जा रहा है। वहीं मृतक की पत्नी समेत परिवार के अन्य सदस्य भी घर छोड़कर भाग गए थे। मामले की सूचना पुलिस को मिलने के बाद मोहनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक के सास भागो देवी, जेठ साली संगीता देवी और सरहज कंचन देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। घटनास्थल को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार शव अभी तक गड्ढे से नहीं निकाला गया है। मृतक के माता-पिता के मधुपुर से पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। उनके आने के बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। इस संबंध में राकेश कुमार ने बताया कि युवक की हत्या की पुष्टि हुई है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि मुख्य आरोपी साला फरार है। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।



