जमुई। शहर के सिरचंद नवादा मोहल्ले में जमीन विवाद के दौरान डायल-112 की पुलिस टीम के एक जवान पर पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो में एक पुलिसकर्मी हाथ में पिस्तौल लिए युवक से बहस करता दिखाई दे रहा है। इस दौरान युवक भी मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए गाली गलौज कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, 28 जुलाई को जमीन विवाद की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और पुलिस तथा कुछ लोगों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। सिरचंद नवादा निवासी पुरुषोत्तम कुमार ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें पुश्तैनी जमीन पर बुलाकर मारपीट की, जिससे उनकी नाक पर चोट लगी। पीड़ित ने वायरल वीडियो की जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने कहा कि वीडियो में कुछ लोग पुलिसकर्मियों के साथ भी आक्रामक व्यवहार और गाली-गलौज करते दिख रहे हैं। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.